अतिक्रमणमुक्त शहर बनाने पर दिया जोर, स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश

बाराबंकी, 28 नवंबर । गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोकसभागार में वाणिज्य बंधु समिति की बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) निरंकार सिंह ने जिले के सम्बंधित अधिकारियों से पिछली बैठक के निर्देशों में हुई कार्यवाही का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि छाया चौराहे से केडी सिंह बाबू मार्ग के बीच दुकान लगाने वाले ठेले व पटरी दुकानदारों को अलग विस्थापित करने के लिये ठोस रणनीति बनाई जाए। जिससे इस मार्ग पर जाम की समस्या से लोगों को निजात मिल सके। मछली मंडी में भी सड़क के किनारे लगने वाली दुकानों को अलग विस्थापित करने पर विचार किया गया। छाया चौराहे के सौंदर्यीकरण के सम्बंध में भी चर्चा की गयी। उन्होंने निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र में लागू एकल दिशा वन वे मार्गों की व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। नगर निकाय एवं यातायात पुलिस आपसी समन्वय से सतत निगरानी करें और आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई भी करते रहें। शहर में लगने वाले साप्ताहिक बाजारों की व्यवस्था पर चर्चा करते हुए अपरजिलाधिकारी ने कहा कि ये बाजार केवल निर्धारित स्थलों पर ही संचालित हों ताकि यातायात बाधित न हो और आमजन को असुविधा न हो।
वाहन पार्किंग की समस्या पर हुई चर्चा
शहर में पार्किंग की समस्या को देखते हुए अपरजिलाधिकारी ने ईओ नगर पालिका परिषद नवाबगंज संजय शुक्ला को उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए। जिससे पार्किंग की समस्या का स्थाई हल निकल सके।
जर्जर पोल व लटकते तारों से शहर को मिलेगी निजात
नगर पालिका व विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि शहर के प्रमुख चौराहों व मार्गों पर जर्जर पोल व लटकते तारों और बीच सड़क में लगे विद्युत खंभों की पहचान कर उन्हें शिफ्ट करने की कार्यवाही शीघ पूरी कर ली जाए।
अवैध अतिक्रमण हटवाने के दिये निर्देश
अपरजिलाधिकारी ने ईओ नगर पालिका परिषद नवाबगंज संजय शुक्ला से कहा कि संयुक्त अभियान चलाकर शहर के प्रमुख चौराहों को अतिक्रमण मुक्त किया जाए। तमाम दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने अवैध अतिक्रमण कर रखा है जनता बार-बार शिकायत करती है। इसके अलावा शहर के सभी प्रमुख चौराहों से अवैध अतिक्रमण को हटवाने तथा नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
पटेल तिराहे पर लगने वाले जाम पर हुई चर्चा
व्यापारियों ने अपर जिलाधिकारी को अवगत कराते हुए कहा कि रोडवेज बस चालक बसों को बस अड्डे पर न रोककर पटेल तिराहे पर रोककर सवारियों को बैठाते है जिससे अनावश्यक जाम की स्थित बनी रहती है। जिस पर अपर जिलाधिकारी ने एआरएम को निर्देशित करते हुए कहा की सभी बसें निर्धारित स्टॉप पर ही रुके। चौराहे पर अनावश्यक न रोके।
शहर को स्वच्छ व अतिक्रमणमुक्त बनाने में करें सहयोग : अपरजिलाधिकारी
अपरजिलाधिकारी ने उपस्थित व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि वे प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर शहर को स्वच्छ व अतिक्रमणमुक्त बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें। उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था, बाजार प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा अतिक्रमण नियंत्रण को लेकर व्यापारियों से सुझाव भी आमंत्रित किए, ताकि जनसुविधा के अनुसार उचित समाधान लागू किए जा सकें।
उद्यमियों की समस्याओं का होगा शीघ्र समाधान : एडीएम
उद्योग बंधु एवं जिला श्रम बन्धु समिति की बैठकें आयोजित
अपरजिलाधिकारी श्री निरंकार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु और जिला श्रम बन्धु समिति की बैठक आयोजित हुई। जिसमें अपरजिलाधिकारी ने सम्बंधित अधिकारी को उद्यमियों, व्यापारियों व श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
उद्यमियों की समस्याओं का होगा शीघ्र समाधान : अपरजिलाधिकारी
जिला उद्योग बन्धु की बैठक में अपरजिलाधिकारी ने सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि उद्यमियों की विभिन्न समस्याओं का समाधान शीघ्रता के साथ किया जाए। बैठक के दौरान अपरजिलाधिकारी ने जनपद में होेने वाले औद्योगिक निवेश में तीव्रता से कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होने सभी अधिकारियों से उद्यमियों के आवेदन पत्रों पर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र कुर्सी रोड में फायर स्टेशन व अनावासीय भवनों के निर्माण कार्य की प्रगति, यूपीएसआईडीसी कुर्सी रोड में दुकानदारों को शिफ्ट किए जाने संबंधी प्रकरण पर समीक्षा की। औद्योगिक क्षेत्र कुर्सी रोड में नाली निर्माण एवं अवशेष सड़कों का निर्माण, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना एवं मुख्य प्रवेश द्वार प्रशासनिक भवन में विद्युत कार्य तथा सौंदर्यीकरण संबंधी प्रकरण पर चर्चा की गई, औधोगिक क्षेत्र माती में सड़क एवं जल निकासी के लिये नाला निर्माण पर चर्चा की गई। निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित पोर्टल पर प्राप्त होने वाले आवेदनों का समयान्तर्गत निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को अपने विभागों से संबंधित प्रकरणों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्धता के साथ निस्तारित करने के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त उद्योग, सहायक श्रमायुक्त, उपायुक्त वाणिज्य कर एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण, व्यापारी और उद्यमीगण, पुलिस और यातायात के अधिकारीगण सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








