- ऑनलाइन पंजीकरण सिस्टम (Link To HIS) व्यवस्था का हुआ शुभारम्भ, मरीज स्वयं से घर/कहीं से भी बना सकते हैं पर्चा
- जिला अस्पताल को मिली बड़ी सौगात, डीएम ने किया नव निर्मित पंजीकरण भवन व जन औषधि केंद्र का उद्घाटन
- अब घर बैठे बनेगा पर्चा, अस्पताल में सीधे मिलेगी डॉक्टर से सलाह
- मरीजों में खुशी, व्यवस्था को सराहा
- जन औषधि केंद्र से सस्ती दवाइयों की सुविधा उपलब्ध
- स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा
- जिला अस्पताल प्रशासन को मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के दिशा-निर्देश : डीएम शशांक त्रिपाठी
बाराबंकी, 20 जनवरी। जिला अस्पताल में डीएम शशांक त्रिपाठी ने नव निर्मित पंजीकरण भवन, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र और ऑनलाइन पंजीकरण सिस्टम का उद्घाटन किया। अब मरीज घर बैठे पर्चा बनाकर सीधे डॉक्टर से परामर्श ले सकेंगे।
जिले के स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत करते हुए मंगलवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने रफी अहमद किदवई स्मारक जिला चिकित्सालय (पुरुष), में नव निर्मित पंजीकरण भवन एवं प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली (Link to HIS) का भी शुभारंभ किया गया, जिससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

नई ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था के तहत अब मरीज घर बैठे या कही से भी मोबाइल/इंटरनेट के माध्यम से पर्चा बनाकर अस्पताल आ सकते हैं और सीधे संबंधित चिकित्सक के कक्ष में जाकर परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। इससे पंजीकरण काउंटर पर लगने वाली लंबी कतारों, भीड़ और समय की बर्बादी से मरीजों को छुटकारा मिलेगा।
अस्पताल परिसर में शुरू किए गए प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र के माध्यम से मरीजों को कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराई जाएगी। विशेष रूप से वे औषधियां, जो अस्पताल में उपलब्ध नहीं होती, अब जन औषधि केंद्र से सुलभ दरों पर मिल सकेंगी। इससे गरीब और मध्यम वर्ग के मरीजों को आर्थिक राहत मिलेगी।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि ऑनलाइन पंजीकरण जैसी डिजिटल सुविधाओं से स्वास्थ्य सेवाएं अधिक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध होंगी। यह पहल मरीजों की सुविधा के साथ-साथ अस्पताल प्रबंधन को भी बेहतर बनाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि नए पंजीकरण कक्ष के शुरू होने से मरीजों को पर्चा बनवाने के दौरान लगने वाली लंबी कतारों और धक्का-मुक्की से निजात मिलेगी। यह कक्ष पंजीकरण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और सुचारू बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है, जिससे मरीजों का समय बचेगा और उन्हें बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से आमजन को सस्ती, गुणवत्तापूर्ण और भरोसेमंद दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे विशेष रूप से गरीब और मध्यम वर्ग के मरीजों को आर्थिक लाभ होगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ.जय प्रकाश मौर्य, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला चिकित्सालय (पुरुष), बाराबंकी, डॉ.अवधेश कुमार यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी बाराबंकी, डॉ. प्रदीप कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला महिला चिकित्सालय बाराबंकी, डॉ. विनोद पाल सिंह, प्रभारी अधिकारी पैथोलॉजी/ब्लड बैंक जिला चिकित्सालय बाराबंकी, डॉ. राजेश कुशवाहा वरिष्ठ परामर्शदाता, जिला चिकित्सालय बाराबंकी, डॉ. विरेन्द्र सिंह चिकित्सा अधीक्षक, जिला चिकित्सालय बाराबंकी, राज कुमार वर्मा हास्पिटल मैनेजर जिला चिकित्सालय बाराबंकी, निर्णाणकारी संस्था के अभियंता व अन्य कर्मचारी, श्रीमती मधु जायसवाल मैट्रन एंव स्टाफ नर्स जिला चिकित्सालय, तथा बड़ी संख्या में चिकित्सालय के चिकित्सक, चिकित्सा कर्मी व मीडिया बंधु और बड़ी संख्या में मरीज व उनके परिजन मौजूद थे।
नई सुविधाओं के शुभारंभ से मरीजों और उनके परिजनों में खुशी देखने को मिली। लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण और जन औषधि केंद्र को जिला अस्पताल के लिए एक सराहनीय कदम बताया।
