बरेठी (स्थानीय समाचार):
महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज, बरेठी में शुक्रवार को अदम्य साहस, त्याग, बलिदान और राष्ट्रनिष्ठा के प्रतीक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पराक्रम दिवस के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक योगेंद्र बहादुर सिंह विसेन ने नेताजी की प्रतिमा के समक्ष पुष्पार्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

पुष्पार्चन के पश्चात विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का निर्भीक नेतृत्व, कठोर अनुशासन और स्वतंत्रता संग्राम में अतुलनीय योगदान भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने युवाओं को दिए गए नेताजी के प्रेरणादायक नारे “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूँगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि यह जयघोष स्वतंत्रता आंदोलन में मील का पत्थर साबित हुआ, जिसके बल पर सैकड़ों वर्षों की गुलामी के बाद देश को स्वतंत्रता प्राप्त हुई।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने भी नेताजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर प्रेम यादव, मनीष यादव, बलराम सिंह, राहुल देव वर्मा, सुरेंद्र कुमार वर्मा, अंशु यादव, रोशनी सिंह, आराधना यादव, शिवानी वर्मा, नीतू राजपूत एवं शालू यादव सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना को जागृत करना रहा। विद्यालय परिसर में देशभक्ति और प्रेरणा का वातावरण देखने को मिला।







